देश

NASA और ISRO का सबसे महंगा और शक्तिशाली सैटेलाइट मिशन Nisar आज होगा लॉन्च!

NASA-ISRO का सैटेलाइट मिशन Nisar आज लॉन्च होने जा रहा है। निसार धरती की सतह के बारीक से बारीक बदलावों को भी पकड़ने में सक्षम होगा।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और NASA दोनों अंतरिक्ष एजेंसियां एक दशक से भी अधिक समय से एक संयुक्त सैटेलाइट (उपग्रह) मिशन पर काम कर रही है। इस सैटेलाइट मिशन का नाम  ‘NISAR’ (NASA-ISRO Synthetic Aperture Radar satellite) रखा गया है। इस सैटेलाइट मिशन की सफल लॉन्चिंग से अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत और अमेरिका की साझेदारी की शुरुआत होगी। इसे 30 जुलाई को श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा।

क्या है निसार

इसरो और नासा का निसार (नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर राडार ) दोहरी आवृत्ति वाले सिंथेटिक एपर्चर रडार सैटेलाइट को विकसित करने और लॉन्च करने के लिए एक संयुक्त मिशन है। दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियों के इस मिशन से पृथ्वी की सतह की निगरानी में काफी मदद मिलेगी। निसार सैटेलाइट का कुल वजन 2,393 किलोग्राम है और यह 51.7 मीटर लंबा है। इसकी उम्र लगभग 5 साल होगी। निसार की लागत करीब 1.3 बिलियन डॉलर (करीब 11,240 करोड़ रुपये) है।

कैसे काम करेगा निसार

निसार सैटेलाइट की मदद से धरती के हर क्षेत्र पर नजर रखना संभव हो सकेगा। निसार बादलों और बारिश के बावजूद 24 घंटे पृथ्वी की तस्वीरें ले सकता है। इसका उद्देश्‍य बाढ़, ग्‍लेशियर, कोस्‍टल इरोजन जैसी प्राकृतिक घटनाओं पर नजर रखना और उसकी पूर्व जानकारी देना है। इससे दुश्‍मन देशों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी। यह न केवल भारत और अमेरिका, बल्कि पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद होगा। इसे अब तक का सबसे महंगा और शक्तिशाली सैटेलाइट माना जा रहा है।

कैसे लॉन्च किया जाएगा निसार

निसार सैटेलाइट को भारत के GSLV- F16 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। इसरो का कहना है कि इस मिशन को कई चरणों में बांटा गया है। पहला चरण लॉन्चिंग का होगा। दूसरा चरण सैटेलाइट की अंतरिक्ष में तैनाती का होगा जिसके बाद इस को कमीशन किया जाएगा और फिर आखिरी विज्ञान चरण होगा।

कब और कहा से होगा लॉन्च निसार

इसरो ने अपने X अकाउंट पर इस सैटेलाइट मिशन की जानकारी देते हुए बताया है कि नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार “निसार” अब लॉन्चिंग के लिए तैयार है। इसकी जांच हो चुकी है। जीएसएलवी-एफ16 के माध्यम से निसार सैटेलाइट को कक्षा में ले जाया जाएगा। जिसका लाइव प्रसारण 30 जुलाई शाम 5 बजकर 10 मिनट पर शुरू होगा। निसार को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शाम 5 बजकर 40 मिनट पर लॉन्च किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button