
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दुनियाभर के देशों के खिलाफ टैरिफ का ऐलान कर रहे हैं। भारत पर 25% टैरिफ लगाए जाने के बाद अब ट्रंप ने एक बड़ा दावा कर दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सुना है कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है। ट्रंप के इस बयान के बाद भी भारत रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करेगा। भारत ने साफ कर दिया कि वह किसी के दबाव में कोई फैसला नहीं करेगा।
क्या तेल खरीदना बंद करेगा भारत ?
भारत और रूस के बीच लंबे समय से व्यापारिक और रणनीतिक संबंध हैं। साल 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से भारत ने रूस से तेल खरीदने में भारी वृद्धि कर दी थी। भारत तबसे रूस से सस्ते दरों पर तेल खरीद रहा है इसे लेकर अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों को व्यापारिक और कूटनीतिक आपत्ति है। अमेरिका चाहता है भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर दे। भारत के ऐसा ना करने पर अमेरिका ने 25% टैरिफ और रूसी से तेल खरीदने पर अतिरिक्त जुर्माना लगाने की घोषणा कर दी थी। जिसके बाद भारत ने साफ किया कि वह अपनी ऊर्जा नीति को राष्ट्रीय हितों और बाजार की ताकतों के आधार पर तय करेगा और किसी बाहरी ताकत के दबाव में नहीं आएगा। भारत ऐसा इसलिए भी नहीं कर सकता क्योंकी एक दम से रूस से तेल की खरीद बंद करना संभव नहीं है। अगर रूसी तेल भारतीय रिफाइनरियों में आना बंद हो जाता है तो निश्चित रूप से वैश्विक स्तर पर कीमतें बढ़ेंगी। हालांकि, भारत में तेल की कोई कमी नहीं होगी, क्योंकि भारत के रिफाइनर 40 अलग-अलग देशों से आयात करते हैं पर इन कीमतों को संतुलित करना एक चुनौती हो सकती है।
विदेश मंत्रालय का बयान आया सामने
भारत की तरफ से साफ किया गया है कि रूस के साथ दोस्ती वैसे ही बरकरार रहेगी, जैसी कि पहले से है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहना है किसी भी देश के साथ हमारे संबंध उसकी योग्यता पर आधारित हैं और उन्हें किसी तीसरे देश के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।जहां तक भारत-रूस संबंधों का सवाल है, हमारे बीच एक स्थिर और टाइम टेस्टेड पार्टनशिप है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आयात को रोकने वाली खबरों को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं आई है और ना ही किसी प्रकार की रोक अभी तक लगाई गई है।
ट्रंप ने क्यों लगाया टैरिफ
अमेरिका और उसके सहयोगी देश रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के लिए तेल और गैस की बिक्री पर अंकुश लगाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए 10-12 दिनों की समय सीमा दी थी जिसके पूरा न होने पर रूस के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ और 100 प्रतिशत सेकेंडरी टैरिफ लगने का खतरा है, जिससे तेल की कीमतें और बढ़ जाएंगी।
कितने देशों पर लगाया टैरिफ
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत 92 देशों पर नए टैरिफ लगाए हैं। इसमें भारत पर 25% जबकि पाकिस्तान पर सबसे का कम टैरिफ लगाया है जो कि है 19%। वही ट्रंप ने सबसे ज्यादा टैरिफ सीरिया पर लगाया गया है, जो है 41% । इस लिस्ट में चीन का नाम शामिल नहीं है। हालांकि भारत पर लगाए गए 25% टैरिफ को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया है। पहले यह 1 अगस्त से लागू होना था, लेकिन अब यह 7 अगस्त से लागू होगा।