रविवार को भारत की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर कर अपने फैंस को चौका दिया। साइना ने स्टोरी शेयर कर बताया कि उन्होंने और उनके पति पारुपल्ली कश्यप ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है।
इंस्टाग्राम स्टोरी में ये लिखा
इंस्टाग्राम स्टोरी में साइना ने लिखा, ‘जिंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद पारुपल्ली कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का विकल्प चुन रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।
साइना और पूर्व शटलर पारुपल्ली कश्यप ने दिसंबर 2018 में शादी की थी। शादी के 7 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया। दोनों पहली बार 1997 में एक बैडमिंटन कैंप में मिले थे। शादी से पहले लगभग 10 सालों तक दोनो ने एक दूसरे को डेट किया था। ऐसे में दोनों के अलग होने के फैसले ने उनके फैंस को चौका दिया है। साइना के इस फैसले की वजह क्या है इस बात का पता अभी तक नहीं चला है।
दोनो कर चुके है देश का नाम रोशन
साइना नेहवाल ने बैडमिंडन खिलाड़ी के तौर पर पूरे विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। साइना ने 2015 में वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचकर इतिहास रचा था और वो उस बर्ष दुनिया की नंबर वन शटलर बनी थी। ये स्थान पाने वाली वो पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनी थी उनसे पहले प्रकाश पादुकोण ये खिताब अपने नाम कर चुके है। वहीं पारुपल्ली कश्यप की बात करें तो वो भी जाने माने पुरूष बैडमिंटन खिलाड़ी है। साल 2014 में उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। 32 सालों में ये किसी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी का कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला मेडल था। इसके साथ ही उस साल वह वर्ल्ड रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंचे थे।
साइना पर बन चुकी फिल्म
साल 2021 में साइना पर एक फिल्म भी बनी थी जिसका नाम साइना के नाम पर रखा गया था। इसमें परिणीति चोपड़ा साइना का किरदार निभाती नजर आई थीं। फिल्म में साइना के जीवन से जुड़े संघर्ष और उनके वर्ल्ड चैम्पियन बनने की कहानी को दिखाया गया था। फिल्म में उनकी और कश्यप की कहानी भी दिखाई गई है।