दिल्ली

दिल्ली पर मंडराया बाढ़ का खतरा! डरा रहा यमुना का उफान, निचले इलाकों में घुसा पानी, पुराना पुल भी हुआ बंद!

दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा समेत पूरे एनसीआर में लगातार बारिश जारी है। मॉनसून की भारी बारिश और हथिनीकुंड बैराज से लागातार पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना नदी उफान पर है। मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यमुना नदी का पानी आस पास के रिहायशी इलाकों में घुस गया है। पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 205.80 मीटर के करीब है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मंगलवार शाम तक यमुना का जलस्तर 206.50 मीटर पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें: खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर, दिल्ली में अगले 48 घंटे में आ सकती है बाढ़!

क्यों बढ़ा यमुना का जलस्तर

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है जिससे यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है और दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से 1.76 लाख क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 69,210 क्यूसेक और ओखला बैराज से 73,619 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह संभावना जताई जा रही है कि यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार शाम तक 206 मीटर के निकासी चिह्न तक पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के जज संजीव कुमार सिंह को किया निलंबित, इन आरोपों के चलते कोर्ट ने लिया यह फैसला!

पुराना पुल हुआ बंद

पुराने यमुना पुल पर यमुना नदी 205.80 मीटर पर बह रही है जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से काफी ऊपर है। इस वजह से दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार, 2 सितंबर को शाम 5 बजे से यमुना नदी पर बने पुराने रेलवे पुल पर ट्रैफिक बंद करने का आदेश जारी किया है। यह कदम बाढ़ के खतरे को देखते हुए उठाया गया है।

यह भी पढ़ें: सितंबर में भी जारी रहेगी IPO की धूम, पहले हफ्ते में खुलेंगे ये 8 IPO, निवेशकों को मिलेगा कमाई का शानदार मौका!

बाढ़ का पानी घरों में घुसा

यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है इसलिए राजधानी में फ्लड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यमुना बाजार इलाके में बाढ़ का पानी घरों में घुसने लगा है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने यमुना के बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अपना जरूरी सामान लेकर राहत शिविर कैंपों या सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों को भरोसा दिया कि सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे सचेत रहने और स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button