10 साल बाद अमेरिका पहुंचकर ट्रंप से मिले पुतिन, कई मुद्दों पर हुई एहम चर्चा लेकिन युद्ध विराम पर नहीं बन सकी कोई सहमति अब मॉस्को में होगी अगली मुलाकात!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अमेरिका के अलास्का में मिले। पुतिन 10 साल बाद अमेरिका पहुंचे थे। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद उनका स्वागत किया। दोनो के बीच एल्मेडॉर्फ-रिचर्डसन सैन्य बेस पर लगभग तीन घंटे लंबी बातचीत हुई। इस दौरान दोनों ने रूस और यूक्रेन युद्ध रोकने समेत कई एहम मुद्दों पर चर्चा की जिसके बाद 12 मिनट की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपनी मुलाकात की जानकारी दी। हालांकि दोनों की इस बातचीत में युद्ध विराम पर कोई सहमति नहीं बनी लेकिन ट्रंप ने सहमति की उम्मीद जताई है। युद्ध विराम पर अगली बातचीत अब मॉस्को में होगी।
यह भी पढ़ें: अलास्का में ट्रंप और पुतिन की अहम बैठक, यूक्रेन युद्ध पर टिकी निगाहें
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमारी बैठक बेहद फलदायी और सकारात्मक रही। कई बिंदुओं पर हमारी सहमति बनी लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। समझौता तभी होगा जब उस पर अंतिम बात होगी। अब बातचीत के लिए बहुत कम बिंदु बचे है। कुछ उतने महत्वपूर्ण नहीं है। एक मुद्दा शायद सबसे महत्वपूर्ण है लेकिन हमारे पास इस तक पहुंचने की बहुत अच्छी संभावना है।
यह भी पढ़ें: क्या ट्रंप की टैरिफ बढ़ाने की धमकी के बाद भी रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करेगा भारत?
पुतिन ने की ट्रंप की तारीफ जताई व्यापार की संभावना
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें यह स्पष्ट रूप से पता है कि वह क्या हासिल करना चाहते हैं और अपने देश की समृद्धि की ईमानदारी से परवाह करते हैं, और साथ ही यह भी समझते हैं कि रूस के अपने राष्ट्रीय हित हैं। पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आज के समझौते न केवल यूक्रेनी समस्या के समाधान के लिए एक संदर्भ बिंदु बनेंगे, बल्कि रूस और अमेरिका के बीच व्यावसायिक और व्यावहारिक संबंधों की बहाली की शुरुआत भी करेंगे। इसके साथ ही पुतिन ने ट्रंप को रूस आने का न्यौता देते हुए कहा कि अब राष्ट्रपति ट्रंप से अगली मुलाकात मॉस्को में होगी। हालांकि इस पर ट्रंप ने कहा कि मुझे इसके लिए थोड़ी आलोचना झेलनी पड़ेगी लेकिन ऐसा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: रूस के राष्ट्रपति से मिले NSA अजित डोभाल, 4 साल बाद भारत आएंगे पुतिन।
क्या युद्ध विराम पर बनेगी सहमति ?
ट्रंप और पुतिन की इस बैठक में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध विराम पर सहमति तो नहीं बनी लेकिन प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुतिन ने यूक्रेन की स्थिति को उनकी सुरक्षा के लिए एक बुनियादी खतरा बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध को समाप्त करने के लिए असली वजह को खत्म करना ज्यादा जरूरी है। उससे हमें उस लक्ष्य के करीब पहुंचने में मदद मिलेगी। इस दौरान उन्होंने ट्रंप से सहमति जताते कहा कि स्वाभाविक रूप से यूक्रेन की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। हम इसका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही पुतिन ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का कहना सही है की जब रूस यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ तो अगर उस समय वह राष्ट्रपति होते तो युद्ध नहीं होता।
यह भी पढ़ें: Elon Musk ने की नई पार्टी की घोषणा, Donald Trump ने दी ये प्रतिक्रिया