दुनिया

थाईलैंड ने कंबोडिया पर किया F-16 से हमला तो कंबोडिया ने भी दिया रॉकेट से जवाब

भारत और पाकिस्तान के बाद अब थाईलैंड और कंबोडिया के बीच भी सीमा विवाद गहराता जा रहा है। बीते कुछ दिनों में दोनों देशों की सीमाओं पर सैनिकों की गतिविधियों में तेज़ी आई है। थाईलैंड और कंबोडिया के बॉर्डर पर गुरुवार सुबह से दोनों देशों के सैनिकों के बीच झड़प शुरू हो गई। दोनो देशों के बीच संबद्ध मई 2025 में बिगड़ना शुरू हो गए थे लेकिन अब स्थिति गंभीर हो गई है। थाईलैंड ने कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर F-16 फाइटर जेट्स से हवाई हमले किए जिसके जवाब में कंबोडिया ने रॉकेट और आर्टिलरी फायर किए जिसने दोनों देशों के बीच तनाव को बढ़ा दिया। ये हमला सीमा पर विवादित मंदिरों के पास हुआ। इस हमले में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है जबकी 40,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

मई 2025 के बाद एक बार फिर विवाद बढ़ा

इस साल 28 मई को बॉर्डर पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच भिड़ंत हुई थी, जिसमें एक कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई थी। इसके बाद से दोनों देशों के बीच विवाद जारी है। इसी विवाद की वजह से थाईलैंड के पीएम पाइतोंग्तार्न शिनवात्रा को भी इस्तीफा देना पड़ा था। 24 जुलाई को थाईलैंड ने अपनी वायु सेना के छह F-16 फाइटर जेट्स को सीमा पर तैनात किया था और उन्हीं में से एक से कंबोडिया पर हवाई हमला किया।

कंबोडिया ने भी जवाबी कार्यवाही करते हुए रॉकेट और आर्टिलरी फायर किए। कंबोडिया ने MLRS (मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम) से थाईलैंड की ओर फायरिंग की। इस घटना ने क्षेत्रीय तनाव को बढ़ा दिया है। इस हमले के बाद थाई सेना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कंबोडियाई बटालियनों पर बम गिराने के लिए त्वरित तैनाती के बाद सभी थाई एफ-16 सुरक्षित और सही सलामत घर लौट आए हैं।”

थाई सेना ने बताई हमले की वजह

थाई सेना ने कहा कि सुबह करीब साढ़े सात बजे ता मुएन थॉम मंदिर के सामने एक कंबोडियाई ड्रोन देखा गया। इसके बाद, लगभग छह कंबोडियाई सैनिकों को हथियारों और हथगोले के साथ थाई सैन्य अड्डे के सामने देखा गया। जिसके बाद सुबह करीब 8:20 बजे, थाई सेना ने कंबोडियाई सेना ने सैन्य अड्डे पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके साथ ही थाई सेना ने आरोप लगाया कि कंबोडियाई सेना ने आस-पास के समुदायों में तोपखाने तैनात कर दिए और सीमावर्ती कस्बों के नागरिकों को ढाल की तरह इस्तेमाल किया।

कंबोडिया के मंत्रालय ने क्या कहा

कंबोडिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने थाईलैंड पर कंबोडियाई क्षेत्र पर कब्जा करने के प्रयास के तहत भारी हथियारों, हवाई हमलों और रॉकेटों का उपयोग करने का आरोप लगाया है।

वही कम्बोडिया की रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता माली सोचेता ने कहा, “ये गैरकानूनी और गैरजिम्मेदाराना कार्य न केवल क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की नींव को भी कमजोर करते हैं।”

दोनो देशों के बीच का ये तनाव कितना प्रचंड मोड़ लेता है ये किसी को नहीं पता। दोनों देशों के बीच ये तनाव कब तक चलता है ये कहना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button