सोनप्रयाग में भूस्खलन: केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित, SDRF ने अब तक 2874 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

सोनप्रयाग (उत्तराखंड), 26 जुलाई — केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शनिवार को सोनप्रयाग के पास भारी भूस्खलन के चलते यात्रा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ गईं, जिससे बड़ी संख्या में तीर्थयात्री बीच रास्ते में फंस गए।
परिस्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया। इस कार्य में NDRF, जिला पुलिस और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें भी SDRF के साथ जुटी हुई हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 2874 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। इनमें 2578 पुरुष, 263 महिलाएं और 33 बच्चे शामिल हैं। सभी को स्लाइडिंग जोन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। राहत कार्य अभी भी जारी है और अधिकारी लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं।
भूस्खलन के चलते यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना अनुमति और जानकारी के यात्रा पर न निकलें और मौसम विभाग तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।