झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन। आज रांची में निकाली जाएगी अंतिम यात्रा। प्रधानमंत्री ने दिवंगत नेता को दी श्रद्धांजलि।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन का 81 साल की उम्र में निधन हो गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन एक महीने से ज्यादा समय से किडनी संबंधित समस्या के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन के निधन की जानकारी अपने X अकाउंट के जरिए दी। उन्होंने लिखा “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं।आज मैं शून्य हो गया हूँ…” शिबू सोरेन की अंतिम यात्रा 5 अगस्त को उनके रांची के मोराबादी स्थित निवास से निकाली जाएगी।
जीवन
शिबू सोरेन केवल एक राजनेता के तौर पर नहीं बल्कि एक समाज सुधारक और झारखंड राज्य के निर्माता के रूप में भी जाने जाते है। शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को तत्कालीन बिहार के हजारीबाग (अब रामगढ़) जिले में एक संथाल आदिवासी परिवार में हुआ था। उनके पिता एक शिक्षक थे जिनकी हत्या साहूकारों और महाजनों ने कर दी थी। पिता की हत्या के बाद शिबू सोरेन अन्याय के खिलाफ लड़े और सामाजिक न्याय के रास्ते पर चले। एक सामाजिक सुधारक के रूप में उन्होंने कई आंदोलन चलाए जिनकी वजह से वह आज भी जाने जाते है। उन्होंने महाजनी प्रथा के विरुद्ध आंदोलन, नशामुक्ति अभियान, आदिवासी अस्मिता का संरक्षण जैसे कई आंदोलन चलाए। उनका सबसे महत्वपूर्ण योगदान अलग झारखंड राज्य के लिए किए गए आंदोलन का नेतृत्व करना था। झारखंड के लोग उन्हें दिशोम गुरु (देश का गुरु) कहकर पुकारते है।
राजनीतिक सफर
शिबू सोरेन तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री भी रह चुके है। उन्होंने 4 फरवरी 1972 को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की स्थापना की जिसका उद्देश्य दक्षिणी बिहार के आदिवासी क्षेत्रों को मिलाकर एक अलग राज्य का बनाना था। उनकी कोशिशों के चलते 15 नवंबर 2000 को बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर झारखंड को एक नया राज्य बनाया गया। शिबू सोरेन कई बार बिहार और बाद में झारखंड से सांसद चुने गए। वह 8 बार लोकसभा सांसद और 3 बार राज्यसभा सांसद बने। इसके साथ ही वह मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में कोयला मंत्री भी रहे।
प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। शिबू सोरेन के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए प्रधानमंत्री ने अपने X एकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेनजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनका पूरा जीवन जनजातीय समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जिसके लिए वे सदैव याद किए जाएंगे।”
यह भी पढ़ें :
MCap: 10 दिग्गज कंपनियों में से 7 का मार्केट कैप 1.35 करोड़ रूपये घटा। निवेशकों में असमंजस।