दुनिया

रूस में भूकंप के बाद अब बढ़ा सुनामी का खतरा, जापान, अमेरिका और चीन समेत कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी।

रूस में आया अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप। रूस और जापान में बना सुनामी का खतरा। अमेरिका और चीन समेत कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी।

बुधवार को रूस के सुदूर पूर्व में कामचटका के तट पर 8.8 तीव्रता का भूकंप आया जिसके बाद हर तरफ हाहाकार मच गया। यह क्षेत्र ज्वालामुखीय और भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। यहां अक्सर भूकंप और सुनामी आती रहती हैं। रूस का कहना है कि यह भूकंप 1952 के बाद से क्षेत्र में दर्ज किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। रूस के साथ साथ अब जापान भी खतरे में है। जापान और रूस के कुछ तटीय क्षेत्रों में सुनामी की लहरें पहुंच चुकी है।

रूस में आए इस भूकंप के बाद रूस, जापान, अमेरिका, चीन, इंडोनेशिया, इक्वाडोर, चिली, कोस्टा रिका, कनाडा, फ्रेंच पोलिनेशिया और गुआम के कोस्टल इलाकों में सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

भूकंप से हुआ नुकसान लोगों को दी सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

रूस में इस भूकंप की वजह से कई क्षेत्र प्रभावित हुए है जिसके कारण आसपास के कई इलाकों में कई लोग घायल भी हो गए। फिलहाल किसी के मरने की खबर सामने नहीं आई है। भूकंप की वजह से कई घरों, इमारतों और गाड़ियों को नुकसान हुआ। इसके साथ ही बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी बाधित हुए। भूकंप के चलते स्थानीय लोग काफी परेशान है। भूकंप के बाद सुनामी का भी खतरा बना हुआ है जिसके चलते लोगों को अपने घरों को छोड़कर ऊंचे सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

जापान और रूस के तटों पर सुनामी

जापान की मौसम एजेंसी के अनुसार, होक्काइदो द्वीप के पूर्वी तट स्थित नेमुरो शहर में लगभग 30 सेंटीमीटर ऊँची पहली सुनामी लहर दर्ज की गई। लहरें प्रशांत तट के साथ होक्काइडो से टोक्यो खाड़ी तक दक्षिण की ओर बढ़ रही हैं। वहीं, रूस के कुरील द्वीपसमूह में भी समुद्र तट पर लहरें पहुंच चुकी है।

हवाई, अमेरिका और चीन के कई हिस्सों में भी चेतावनी

रूस में आए भूकंप और सुनामी पर अमेरिका की भी नजर है, क्योंकि उसके भी कई राज्यों में सुनामी का अलर्ट है।अलास्का स्थित राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने अलास्का के अलेउशियन द्वीपों में चेतावनी जारी की है और कैलिफोर्निया, ओरेगन, वाशिंगटन और हवाई के लिए निगरानी जारी की है। वही होनोलूलू (हवाई) में भी लोगों को चेतावनी देते हुए ऊँचाई वाले इलाकों में जाने के लिए कहा गया। चीन के सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी चीन के पूर्वी तटीय इलाकों शंघाई और झेजियांग प्रांतों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button